News UpdateUttarakhand

ट्रेक पर रास्ता भटके 5 पर्यटक, सकुशल किया गया रेस्क्यू

रुद्रप्रयाग। रविवार सुबह देवरियाताल से बनियाकुंड ट्रेक मार्ग पर  5 पर्यटक रास्ता भटक गए। जिसकी सूचना प्रशासन को मिली।सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन तंत्र ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार प्रातः 06.10 बजे 112 आपातकालीन सेवा पर कॉलर साहिल कुमार द्वारा सूचना दी गई कि देवरियाताल-बनियाकुंड ट्रेक मार्ग पर पांच व्यक्ति रास्ता भटक गए हैं तथा सुरक्षित मार्ग नहीं खोज पा रहे हैं। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी लगातार संबंधित व्यक्तियों के संपर्क में रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग द्वारा तत्काल डीडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की संयुक्त रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान प्रशासन लगातार पर्यटकों की लोकेशन और स्थिति पर नजर बनाए हुए था। सुबह 08.25 बजे डीईओसी द्वारा कॉलर से पुनः संपर्क स्थापित किया गया, जिसमें बताया गया कि मार्ग में दो स्थानीय व्यक्तियों की सहायता उन्हें प्राप्त हुई है। स्थानीय निवासी हिमांशु ने प्रशासन को जानकारी दी कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित रूप से स्यूंकुडी नामक स्थान की ओर लाया गया है। इसके बाद प्रातः 09.46 बजे डीडीआरएफ के नरेंद्र सिंह से प्राप्त सूचना के अनुसार डीडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गई थी तथा सभी पांचों पर्यटक सुरक्षित मिल गए। रेस्क्यू टीमों द्वारा उन्हें सकुशल नीचे लाया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि समय पर मिली सूचना, स्थानीय लोगों के सहयोग तथा रेस्क्यू टीमों की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी व्यक्तियों को सुरक्षित खोज लिया गया। वर्तमान स्थिति पूर्णतः सामान्य है और सभी व्यक्ति सुरक्षित हैं।

Related Articles

Back to top button