News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

ग्रामीणों ने गांव में क्वारंटाइन सेंटर का कचरा फेंकने का किया विरोध 

देहरादून। क्वारंटाइन सेंटर से निकला हुआ कचरा आसपास के आबादी वाले इलाकों में डालने का ग्राम पंचायत पौंधा विधौली, कंडोली आदि के लोगों ने विरोध किया है। इलाके के लोगों ने क्वारंटाइन सेंटर का कचरा फैंकने आए कर्मचारियों का विरोध किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह से लोगों ने शिकायत की। जिसके बाद डीएम को मामले की जांच का भरोसा दिया है।
ग्राम पंचायत पौधा, विधौली, कंडोली में स्थित हॉस्टलों को प्रशासन ने दूसरे राज्यों से आ रहे लोगों का क्वारंटाइन सेंटर बनाया हुआ है। इन सेंटरों से निकली हुई गंदगी को स्थानीय निवासियों ने ग्राम पंचायत पौंधा की सड़क के किनारे फेंकते हुए पाया। जिसका तीव्र विरोध किया गया। लोगों का कहना था कि क्वारंटाइन सेंटरों के कर्मचारी काफी दिनों से ये कचरा डाल रहे थे। जिसका सभी लोगों ने विरोध किया। कर्मचारियों से खुले में डाला हुआ कूड़ा जलवाया गया। लोगों का कहना था कि ये कूड़ा जलाया नहीं जा रहा था। क्षेत्र के सभी जंगली और पालतू जानवर उक्त गंदगी को खा रहे थे। सड़क पर यहां वहां फैल रही गंदगी से क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा है। जिसकी वजह से गांव वालों में भय का माहौल है। जिला पंचायत सदस्य रंजीता असवाल तोमर ने तहसीलदार विकासनगर प्रकाश शाह को प्रकरण की जानकारी दी थी। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार खबर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को मामले की जानकारी दी गई। प्रीतम सिंह ने जिलाधिकारी आशीष श्रीवास्तव को फोन कर खुले में कूड़ा डालने पर विरोध जताया। जिलाधिकारी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। विरोध करने वालों में ग्राम प्रधान पौंधा सुधीर पंचवान, ग्रामप्रधान कंडोली मुकेश कुमार, ग्राम प्रधान विधौली धीरज गुलेरिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य व कांग्रेस के सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष मेघ सिंह, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के जिला संयोजक सुरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीरेश थापली, दीपक कुमार, अवनीश, राजपाल आदि सैकड़ों ग्राम पंचायतवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button