News UpdatePoliticsUttarakhand

परिवहन निगम के आंदोलनरत कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का राज्य सरकार शीघ्र करे समाधान-करन माहरा

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर परिवहन निगम के आंदोलनरत कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का शीघ्र समाधान किये जाने की राज्य सरकार से मांग की है।

     उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लिखे पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने उत्तराखण्ड परिवहन निगम के आंदोलनरत कर्मचारियों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा है कि परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण न केवल परिवहन निगम को लाखों रूपये के राजस्व की हानि हुई है अपितु रोडवेज बसों से सफर करने वाले नागरिकों एवं पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पडा है। उन्होंने कहा कि राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों द्वारा निगम में कार्यरत विषेश श्रेणी कर्मचारियों को नियमित किये जाने, मृतक आश्रितों को निगम में नियुक्ति दिये जाने, परिवहन निगम के बेडे में नई बसों की खरीद किये जाने के साथ ही परिवहन निगम के निजीकरण का विरोध करते हुए अपनी इन न्यायोचित मांगों के समाधान हेतु सरकार से कई बार गुहार लगाई परन्तु राज्य सरकार द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया है, इसके विपरीत परिवहन निगम को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है जिससे राज्य परिवहन निगम में कार्यरत कर्मचारियों में भारी आक्रोष व्याप्त है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि यदि परिवहन निगम के कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर बेमियादी हडताल जैसा कदम उठाया जाता है तो इससे न केवल राज्य परिवहन निगम को भारी राजस्व की हानि होगी अपितु यात्रियों तथा पर्यटकों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। राज्य परिवहन निगम के आन्दोलनरत कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि व्यापक जनहित को मद्देनजर रखते हुए राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के शीघ्र निस्तारण हेतु राज्य सरकार के स्तर पर निर्णय लिया जाय।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button