Politics

उप्र में मुरली मनोहर जोशी नई सूची में भाजपा ने अपने छह और सांसदों के काटे टिकट

लखनऊ। भाजपा ने बुधवार को जारी सूची में उत्तर प्रदेश के 29 लोकसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार घोषित कर दिए। इससे पहले तीन चरणों में कुल 32 उम्मीदवार घोषित किये जा चुके हैं। नई सूची में भाजपा ने अपने छह और सांसदों के टिकट काटे हैं जबकि चार सांसदों के चुनाव क्षेत्र बदले हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय फिर चंदौली से ही किस्मत आजमाएंगे जबकि केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, साध्वी निरंजन ज्योति भी पुरानी ही सीट से मैदान में होंगे।  मंगलवार को ही भाजपा में शामिल हुई सिने अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा को भाजपा ने उनके पुराने क्षेत्र रामपुर से उतारा है। भाजपा ने बुधवार को कानपुर के सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी, बलिया के सांसद भरत सिंह, कुशीनगर के राजेश पांडेय, बाराबंकी की प्रियंका रावत, रामपुर के नैपाल सिंह और इटावा के सांसद अशोक दोहरे का टिकट काट दिया है। पिछले वर्ष दलित आंदोलन के दौरान अशोक दोहरे के विरोधी सुर मुखर हुए थे, जबकि बलिया के सांसद भरत सिंह ने कामकाज को लेकर सरकार पर सवाल उठाये थे। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी की सुलतानपुर और पीलीभीत सीट आपस में बदल दी गई है। पिछले दिनों आगरा के सांसद राम शंकर कठेरिया की जगह प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को मौका दिया गया था। पार्टी ने राम शंकर कठेरिया को इटावा से उम्मीदवार बनाया है। भरत सिंह की जगह भदोही के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को बलिया में मौका दिया गया है। कुशीनगर में राजेश पांडेय की जगह विजय दुबे को मौका मिला है। कांग्रेस विधायक रहते हुए विजय भाजपा में शामिल हुए थे लेकिन, 2017 में उन्हें टिकट नहीं मिल सका। भाजपा ने कन्नौज में 2014 में डिंपल यादव को कड़ी टक्कर देने वाले सुब्रत पाठक को फिर उम्मीदवार बना दिया है। उत्तर प्रदेश में स्मृति ईरानी के बाद पाठक दूसरे उम्मीदवार हैं जिन्हें दोबारा मौका मिला है।

मंत्री और विधायकों पर भरोसा  भाजपा ने अपने मंत्री और विधायकों पर भी भरोसा जताया है। कानपुर में मुरली मनोहर जोशी की जगह भाजपा ने प्रदेश सरकार के खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी को टिकट दिया है। इलाहाबाद में पर्यटन, महिला व परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को मैदान में उतारा है। 2014 में यहां से भाजपा के टिकट पर जीते श्यामाचरण गुप्ता को सपा ने बांदा से उम्मीदवार बना दिया है।  बहराइच में साध्वी सावित्री बाई फुले की जगह पार्टी ने बलहा के विधायक अक्षयवर लाल गौड़ और बाराबंकी में प्रियंका सिंह रावत का टिकट काटकर जैतपुर के विधायक उपेंद्र रावत को पार्टी ने मौका दिया है। इसके पहले भी भाजपा ने आगरा में पशुधन मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को उम्मीदवार बनाया था। जबकि विधायकों में हाथरस से राजवीर सिंह दिलेर और कैराना से प्रदीप चौधरी को टिकट दिया गया था।

अब तक 12 सांसदों का कटा टिकट  भाजपा ने अब तक घोषित 61 उम्मीदवारों में कुल 12 सांसदों के टिकट काटे हैं। बुधवार की सूची में छह सांसदों के टिकट काटे गए जबकि पूर्व में सात सांसदों का कटा था। दो सांसद दूसरे दल में चले गये जबकि उमा भारती और कलराज मिश्र के चुनाव न लड़ने के एलान से करीब 16 सीटों पर नये चेहरे उतर गये हैं। अब तक घोषित उम्मीदवारों के बाद कुल 19 सीटें बच रही हैं जिनमें गठबंधन में छोड़ने के बाद भी कुछ क्षेत्रों में उम्मीदवार बदले जा सकते हैं।

डॉ. जोशी को चुनाव लड़ने से पहले ही कर दिया मना  भाजपा ने डॉ. मुरली मनोहर जोशी को पहले ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। जोशी की ओर से कानपुर के लोगों को मंगलवार को यह जानकारी दी गई कि पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल ने उन्हें चुनाव न लड़ने की सलाह दी है।

क्षेत्र – उम्मीदवार

1. रामपुर – जया प्रदा

2. पीलीभीत – वरुण गांधी

3. धौरहरा – रेखा वर्मा

4. सुलतानपुर – मेनका गांधी

5. फर्रुखाबाद – मुकेश राजपूत

6. इटावा – राम शंकर कठेरिया

7. कन्नौज – सुब्रत पाठक

8. कानपुर – सत्यदेव पचौरी

9. अकबरपुर – देवेंद्र सिंह भोले

10. जालौन – भानु प्रताप वर्मा

11. हमीरपुर – पुष्पेंद्र सिंह चंदेल

12. फतेहपुर – साध्वी निरंजन ज्योति

13. कौशांबी – विनोद सोनकर

14. इलाहाबाद – रीता बहुगुणा जोशी

15. बाराबंकी – उपेंद्र सिंह रावत

16. फैजाबाद – लल्लू सिंह

17. बहराइच – अक्षयवर लाल गौड़

18. कैसरगंज – ब्रज भूषण सिंह

19. श्रावस्ती – दद्दन मिश्रा

20. गोंडा – कीर्तिव‌र्द्धन सिंह

21. डुमरियागंज – जगदंबिका पाल

22. बस्ती – हरीश द्विवेदी

23. महराजगंज – पंकज चौधरी

24. कुशीनगर – विजय दुबे

25. बांसगांव – कमलेश पासवान

26. बलिया – वीरेंद्र सिंह मस्त

27. सलेमपुर – रवींद्र कुशवाहा

28. गाजीपुर – मनोज सिन्हा

29. चंदौली- महेंद्र पांडेय

बंगाल की बची 10 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के नाम घोषित

भाजपा ने पश्चिम बंगाल की बाकी 10 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। अभी भी दो सीटों पुरुलिया व ब‌र्द्धमान-दुर्गापुर के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा बाकी है। इसके पहले 30 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो चुकी है।

सीट- उम्मीदवार

बहरमपुर- कृष्णा जोआरदार आर्य

मुर्शिदाबाद- हुमायूं कबीर

राणाघाट (एससी)- डा. मुकुटमणि अधिकारी

बनगांव (एससी)-शांतनू ठाकुर

डायमंड हार्बर-नीलांजन राय

हावड़ा-रंतीदेव सेन गुप्ता

उलबेडि़या-जय बनर्जी

कांथी-डा. देवाशीष सामंत

बांकुड़ा- डा. सुभाष सरकार

बोलपुर (एससी)-राम प्रसाद दास

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button