National

शातिर अपराधी अपने दिमाग और तकनीक की सटीक जुगलबंदी कर बन रहे धनकुबेर

देवघर । देवघर व जामताड़ा साइबर अपराधियों का गढ़ बन गया है। पूरे देश में यहां के अपराधी वारदातों को अंजाम देकर हर राज्य की पुलिस की नींद उड़ाए हैं। अक्सर विभिन्न प्रदेशों की पुलिस साइबर अपराधियों की तलाश में यहां आती है। ये शातिर अपराधी अपने दिमाग और तकनीक की सटीक जुगलबंदी कर धनकुबेर बन गए हैं।

एक वर्ष में 160 साइबर अपराधी गिरफ्तारः इनकी गतिविधियों पर अंकुश को  साइबर थाने की स्थापना की गई। बावजूद वारदातें थम नहीं रहीं हैं। देश के अनेक राज्यों के उपभोक्ताओं के बैंक खातों में सेंध लगाकर अपराधी अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि एक वर्ष में करीब 160 साइबर अपराधी पकड़े गए हैं।  इनके पास से करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई। कमाई को लेकर इनके पास कोई ठोस जबाव नहीं था। साइबर अपराधियों का रहन-सहन और संपत्ति देख पुलिस अधिकारी भी भौचक हैं। इसलिए संपत्ति की जांच ईडी से कराने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। सारठ थाना क्षेत्र निवासी सुनील मेहरा व संतोष मेहरा के मामले में  प्रस्ताव ईडी ने स्वीकार कर लिया है। कई अन्य अपराधियों की संपत्ति जांच का भी  प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

सुख सुविधाओं से लैस घर में लगे हैं सीसीटीवी कैमरे : हाल में मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा में पुलिस ने छापेमारी कर सुभाष मंडल व संतोष मंडल को गिरफ्तार किया। इनके छह अन्य साथियों की तलाश जारी है। इनके घर से पुलिस ने तीन चार पहिया वाहन, चार दो पहिया वाहन व अन्य संपत्ति बरामद की है। इनका घर की भव्यता देख अधिकारियों के होश फाख्ता थे। घर की कीमत 70 लाख से अधिक आंकी जा रही है। हर कमरे में टीवी, एससी व ऐशोआराम की सुविधाएं इनकी संपत्ति की चुगली कर रहीं थीं। घर में सीसीटीवी कैमरे तक लगे थे। पुलिस ने मधुपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के दरवे गांव में छापेमारी में सीताराम मंडल, उमेश मंडल व राम प्रसाद मंडल को गिरफ्तार किया। इनके भी आलीशान मकान हैं। पर, ये लोग कुछ खास काम नहीं करते। सीधी सी बात है कि साइबर क्राइम के नाम पर चूना लगा रहे हैं। पुलिस ने हाल में पालोजोरी थाना क्षेत्र के डुमरकोला गांव निवासी विकास मंडल व मोहनपुर थाना क्षेत्र के खडग़डिहया गांव निवासी योगेन्द्र मंडल को गिरफ्तार किया। इन पर मध्यप्रदेश के रीवा निवासी एक व्यक्ति के खाता से 13 लाख रुपया उड़ाने का आरोप है। खासतौर पर विकास की संपत्ति अब पुलिस के लिए जांच का विषय बन चुकी है। उसका शानदार घर है। जबकि कहने को वह पढ़ाई करता है। तब इतनी संपदा कहां से आई। जांच का विषय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button