AdministrationUttarakhand

सघन पल्स पोलियो अभियान : जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

देहरादून। बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय में पल्स पोलियो अभियान चरण 26 सितम्बर 2021 की तैयारियों की समीक्षा की गयी। आगामी 26 सितंबर, रविवार को जनपद में सब राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस- पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए अपर जिलाधिकारी  डॉ एस के बरनवाल ने कहा कि जन्म से पांच वर्ष आयु का कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों विशेषकर, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग को अधिक से अधिक पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के निर्देश दिए।
      इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 मनोज उप्रेती ने कहा कि भारत वर्तमान में पोलियो मुक्त है, किंतु दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलिया वायरस है। यह वायरस फिर लौट सकता है। इसलिए सभी माता-पिता अपने जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्यक पिलायें। उन्होंने बताया कि पोलियो अभियान से जुड़े फ्रंटलाइन वर्कर, टीकाकरणकर्मी तथा अन्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि अपने जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलायें, तथा बूथ पर जाते समय मास्क अवश्य पहने व सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करें।
      जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 दिनेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 सितम्बर को प्रारम्भ होने वाले चरण में जनपद के 204824 बच्चों को पोलिया की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। इस हेतु जनपद में 1169 स्थिर बूथ सहित कुल 1245 बूथ बनाए गए हैं। 26 सितंबर पोलियो रविवार को स्थिर बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जाएगी और 27 से 02 अक्टूबर तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जाएगी। इस हेतु 889 घर-घर टीमें बनायी गयी हैं। अभियान के सफल संचालन हेतु 249 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गयी है।
     बुधवार को ही एक अन्य विभागीय बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारियों को पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
     जिला टास्क फोर्स की बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन, जिला पंचायती राज विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्राम विकास विभाग, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
    *दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button