NationalPolitics

लोकसभा चुनाव 2019- चुनाव के पहले चरण में 60 फीसदी लोगों ने डाले वोट

नई दिल्ली। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनावी महायज्ञ की पहली आहूति 11 अप्रैल को हुई। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 18 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर मतदान हुआ। आंध्र प्रदेश में हिंसा के कारण तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश में मामूली विवाद हुए। शेष स्थानों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ।

इस चरण में देश के कुल 90 करोड़ वोटरों में से 14 करोड़ मतदान के पात्र थे। इनमें से शाम  तक औसत 58 से 60 फीसद ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों पर 18 अप्रैल को वोट पड़ेंगे। 19 मई तक मतदान के सात चरणों में लोकसभा की 543 सीटों के लिए चुनाव होंगे। नतीजे 23 मई को आएंगे।शाम तक के आकड़ों के अनुसार पहले चरण के लिए बिहार में चार सीटों पर 53.06 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर 63.69 प्रतिशत वोट डाले गए। वहीं छत्तीसगढ़ में 56 फीसद मतदान हुआ, जबकि अंडमान-निकोबार में 70.6 फीसद वोट पड़े। छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित जिले बस्तर में पहले चरण के लिए वोटिंग हुई। पहले चरण में ओडिशा की चार, असम की पांच, जम्मू-कश्मीर की दो जबकि महाराष्ट्र की सात और पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर भी वोट डाले गए।

नौ राज्यों में चुनाव संपन्न आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत नौ राज्यों में पहले चरण में ही लोकसभा का चुनाव खत्म हो गया। ये राज्य हैं- अरुणाचल, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, तेलंगाना, उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप।

कैराना में बिना पहचान-पत्र वोटिंग की कोशिश पर हवाई फायर  उप्र के कैराना में कुछ लोगों ने बगैर पहचान-पत्र के मतदान करने का प्रयास किया। उन्हें रोकने पर झड़प की स्थिति बन गई तो वहां तैनात बीएसएफ के जवान ने हवाई फायर कर दिए। घटना कांधला पुलिस थाना क्षेत्र के रसूलपुरा गुजरान गांव में हुई।

2014 में पड़े थे 66.3 फीसद वोट  2014 के चुनाव में 55 करोड़ लोगों ने वोट डाले थे। यह 66.3 फीसद था। भाजपा ने 30 फीसद से कुछ ज्यादा वोट हासिल कर सत्ता प्राप्त की थी। वह एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सत्ता की जंग लड़ रही है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों ने भी बाजी पलटने के लिए कमर कस रखी है।

भाजपा की 32 सीटें बचाने और नई छीनने की कोशिश  पहले चरण में भाजपा की चुनौती अपनी 32 सीटें बचाए रखते हुए विपक्ष की नई सीटें हथियाने की रही। इस चरण में पार्टी के दिग्गज नेता नितिन गडकरी और पांच अन्य केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो गया।

कांग्रेस को सात सीटें बचाने और आंध्र-छग में बढ़ाने की आस  मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की चुनौती इस चरण में अपनी सात सीटें बचाए रखने की थी। इसके साथ ही वह आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ (छग), उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में नई सीटें जीतने की आस लगाए है।

आंध्र प्रदेश समेत तीन राज्यों के विस चुनाव भी निपटे  गुरुवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा की 175, सिक्किम की 32, अरुणाचल प्रदेश की 57 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान हुआ। आंध्र प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश की सारी विधानसभा सीटों पर मतदान होने से यहां विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए।

विश्व की सबसे छोटे कद की युवती ने नागपुर में डाला वोट  विश्व में सबसे छोटे कद की युवती और गिनीज बुक में नामधारी ज्योति अमगे ने नागपुर में वोट डाला। उनकी ऊंचाई 63 सेंटीमीटर यानी दो फीट एक इंच है। उनकी उम्र 25 साल है। वह बिग बॉस 6, अमेरिकी व इतालवी टीवी सीरियलों में काम कर चुकी हैं।

सिक्किम में 107 साल की महिला ने डाला वोट सिक्किम की पोकलोक कामरांग सीट के लिए 107 साल की सुमित्रा राय ने वोट डाला। उन्हें व्हील चेयर पर लाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button