Uttarakhand

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से मिले सतपाल महाराज, उत्तराखण्ड की सिंचाई परियोजनाओं एवं बांधो पर की चर्चा

देहरादून। उत्तराखण्ड के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने आज दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर उत्तराखण्ड की सिंचाई परियोजनाओं एवं बांधांे पर चर्चा की। उत्तराखण्ड के सिंचाई, बाढ नियंत्रण, लघु सिंचाई, जलागम, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल जी महाराज ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात के दौरान उत्तराखण्ड स्थित सिंचाई परियोजनाओं सहित जमरानी बांध व सोंग बांध को लेकर विस्तृत चर्चा की। महाराज ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री को बताया कि सोंग बांध एक बहुआयामी पेयजल योजना है। उन्होंने जमरानी बांध की महत्ता को बताते हुए कहा कि जमरानी बांध बनने से जहां एक ओर हल्द्वानी और इसके आस-पास को भरपूर पानी मिलेगा वहीं इस बांध से उत्तर प्रदेश को भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा। सतपाल महाराज ने केन्द्रीय मंत्री से जलाशयों के निर्माण को लेकर व्यापक चर्चा करते हुए 15 जलाशयों के निर्माण हेतु आर्थिक मदद भी मांगी। आगामी कुम्भ मेले की तैयारियों को लेकर भी श्री महाराज ने केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह को विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर महाराज के साथ प्रदेश की सिंचाई सचिव भूपिंदर कौर औलख भी मौजूद थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button