National

KBC 10: बिनीता जैन ने सुनाई अपनी दर्द भरी दास्तां,15 साल से कर रही हैं पति का इंतजार

नई दिल्ली। फेमस टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के 10वें सीजन को आज पहला करोड़पति उम्मीदवार मिलने जा रहा है। असम की बिनीता जैन एक करोड़ की राशि जीतकर मंगलवार को जैकपॉट सवाल खेलेंगी। हालांकि अभी यह मालूम नहीं है कि उन्होंने सात करोड़ के लिए पंद्रहवें सवाल का जवाब दिया है या नहीं। इसके लिए दर्शकों को दो अक्टूबर यानी आज प्रसारित होने वाले एपिसोड का इंतजार करना होगा।

बिनीता ने सुनाई दर्द भरी दास्तां.. असम के गुवाहाटी की रहने वाली बिनीता ने हॉट सीट पर बैठने के बाद शो के एंकर और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ अपने जीवन के दुखद पहलुओं को साझा किया। दो बच्चों की मां बिनीता ने बताया कि फरवरी साल 2013 में बिजनेस ट्रिप पर विदेश गए उनके पति आज तक घर नहीं लौट पाए हैं। बाद में पता चला कि उनके पति का आतंकियों ने अपहरण कर लिया था। पति के साथ हुई घटना के बाद बिनीता बेहद टूट चुकी थी। लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए घर की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। पेशे से टीचर बिनीता ने छात्रों को ट्यूशन देना शुरू किया। सात छात्रों के साथ शुरुआत करने वाली बिनीता आज 125 छात्रों को अंग्रेजी और सामाजिक अध्ययन विषय पढ़ा रही हैं। कानूनी तौर पर बिनीता के पति को मृत घोषित कर दिया गया है, लेकिन बिनीता को उम्मीद है कि उनके पति आज भी जिंदा हैं। अमिताभ बच्चन भी उनकी दास्तां सुनकर काफी भावुक हुए और उन्होंने बिनीता के जज्बे की सराहना की।

एक करोड़ जीतने वाली पांचवीं महिला  केबीसी के इतिहास में बिनीता जैन पांचवीं महिला होंगी जो 14 सवालों का सही जवाब देकर एक करोड़ रुपये जीतने जा रही हैं। केबीसी के इस सीजन में भागलपुर के टिकट परीक्षक सोमेश कुमार चौधरी और गुजरात के ग्राफिक डिजाइनर संदीप सावलिया सबसे ज्यादा 25-25 लाख रुपये जीत चुके हैं। गुवाहाटी के अष्टगांव में रॉयल एनक्लेव की रहवासी बिनीता से पहले चार महिलाएं केबीसी में एक-एक करोड़ रुपये जीत चुकी हैं।

वर्ष 2000 में शुरू हुआ था केबीसी  यह लोकप्रिय गेम शो वर्ष 2000 में शुरू हुआ था और इसे अमिताभ बच्चन ने होस्ट किया था। इसमें मुंबई के हर्षवर्धन नवाथे एक करोड़ रुपये जीतने वाले पहले शख्स बने थे। केबीसी का दूसरा संस्करण चार साल बाद 2005 में आयोजित किया गया। दो संस्करणों में होस्ट के रूप में बिग बी नजर आए लेकिन 2007 में तीसरे संस्करण को शाहरुख खान ने होस्ट किया था। इसके बाद 2010 में चौथे संस्करण में बिग बी की वापसी हुई और उसके बाद से वही इसे होस्ट कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button