Politics

काम न आई सुरजेवाला की दलीलें,कोडरमा RJD प्रत्याशी सुभाष यादव का नामांकन रद्द

रांची।  झारखंड विधानसभा चुनाव में कोडरमा सीट का मुकाबला रोचक होता जा रहा है। यहां मंगलवार को एक नाटकीय घटनाक्रम में राजद उम्‍मीदवार सुभाष यादव का नामांकन रद कर दिया गया। हालांकि राजद उम्‍मीदवार सुभाष यादव के पक्ष में दलील देने के लिए देश के जाने माने वकील और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला भी कोडरमा पहुंचे थे। सुभाष का नामांकन बचाने को लेकर सुरजेवाला की कोई दलीलें काम न आई।

       कोडरमा विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी सुभाष यादव के नाम निर्देशन पत्र के समर्थन में दलील देने मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वकील रणदीप सुरजेवाला कोडरमा पहुंचे। लेकिन निर्वाचित पदाधिकारी ने उनकी दलील को नहीं मानी और सुभाष के नामांकन को रद्द कर दिया। कोडरमा के निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में जाकर सुरजेवाला ने इसके बारे में कुछ दलीलें दी, इसके बाद वहां से निकल पड़े। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे यहां किस लिए आए थे और वहां क्या दलीलें दी, इसके बारे में मीडिया से कुछ नहीं बोलेंगे। लेकिन झारखंड में चुनाव के संबंध में इतना जरूर कहेंगे कि झारखंड में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

       बता दें कि सुभाष यादव अपने नाम निर्देशन पत्र में बिहार के दानापुर के मतदाता सूची के प्रमाणित प्रति संलग्न की थी, जबकि झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए नियमानुसार झारखंड के किसी भी जिले के मतदाता सूची में उम्मीदवार का नाम होना आवश्यक है। इस आधार पर निर्वाचित पदाधिकारी ने सुभाष यादव के नामांकन को रद्द कर दिया। वहीं महाराष्ट्र के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय के आदेश पर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि महाराष्ट्र में प्रजातंत्र की जीत हुई है और प्रजातंत्र का गला घोंटने वालों के गाल में तमाचा लगा है। उल्लेखनीय होगा कि कोडरमा के राजद प्रत्याशी सुभाष यादव गत 22 नवंबर को राजद प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था। लेकिन अपने नाम निर्देशन पत्र के साथ उन्होंने बिहार के दानापुर का मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति संलग्न की थी। जबकि किसी राज्य विधानसभा का सदस्य होने के लिए उस राज्य का मतदाता होना आवश्यक है।

       बताया जाता है कि बाद में उन्होंने झारखंड के किसी जिले के मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया था। इसी को लेकर रणदीप सुरजेवाला यहां पहुंचे थे। वहीं राजद ने अपने वैकल्पिक प्रत्याशी के तौर पर कोडरमा निवासी अमिताभ चौधरी को भी सिंबल देकर मैदान में उतारा है। आज प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र कि स्क्रूटनी कोडरमा के निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय में हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button