Politics

दुनिया में भारता का डंका बज रहा है: नरेंद्र मोदी

मुरादाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुरादाबाद के बुद्धि विहार में विजय संकल्प रैली में संबोधन की शुरुआत बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर को याद करके की। उनकी जयंती पर सबसे पहले लोगों से जय भीम के नारे लगवाए। फिर कहा कि 2014 और फिर 2017 में आपने इस चौकीदार का भरपूर समर्थन किया। इसका नतीजा यह है कि पूरी दुनिया में भारता का डंका बज रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ, रूस, जर्मनी आदि देश भारत का सम्मान कर रहे हैं। दुनिया के तमाम देश अपना सर्वोच्च सम्मान मुझे दे रहे हैं लेकिन, यह भारत की एक करोड़ 30 लाख जनता का है, आपका है। जो सिर्फ रोता रहता है उसकी कोई नहीं सुनता। कहा कि हमने एक नए भारत को बनाने का संकल्प लिया है, जो सुंदर भी होगा और समृद्ध भी होगा। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो राष्ट्रीय व्यापार आयोग का गठन होगा, गरीबों को पेंशन मिलेगी। मुरादाबाद में भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार सिंह के समर्थन में आयोजित रैली में मोदी का संबोधन पूरी तरह से राष्ट्रवाद पर केंद्रीत रहा। कहा कि दुश्मनों ने जो गलती उरी में की उसका जवाब हमने सर्जीकल स्ट्राइक करके दिया। पुलवामा की गलती का जवाब एयर स्ट्राइक करके दिया। दुश्मन कोई भी गलती करेगा उसे हम हमेशा जवाब देंगे और हर जवाब पहले से बड़ा होगा। आज दुनिया हमारे साथ खड़ी है। पाकिस्तान से अपनों ने ही मुंह फेर लिया। पाकिस्तान सरकार रोती रहती है। भारत में पहले की सरकार कांप रही थी, रिमोट कंट्रोल वाली सरकार थी। वैज्ञानिक परीक्षण के लिए कहते थे तो सरकार कोई कदम नहीं उठाती थी। इन पांच साल में अंतरिक्ष में भी भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इसे दुनिया ने माना है। जल से लेकर अंतरिक्ष तक हम आज सुरक्षित है। मुरादाबाद का पीतल उद्योग, रामपुर का जरी उद्योग सम्भल के हस्तशिल्प ने देश का लोहा विदेश में मनवाया है। हम आगे बढ़ेंगे तो विदेशी ताकतें भी हमारा लोहा मानेंगी।

किसी का नाम लिए बगैर कहा कि कांग्रेस और उसके महामिलावटी साथियों ने ऐसे लोगों को मैदान में उतारा है जिन्हें वंदेमातरम बोलने में भी परहेज है। जो वंदेमातरम का सम्मान नहीं कर सकता वह मां भारती का सम्मान क्या करेगा। इनका तो बस एक सूत्री कार्यक्रम है, मोदी को गाली दो, जितनी दे सकते हो दो। कहते हैं मोदी तो शौचालय का चौकीदार है। मोदी की बात शौचालय से शुरू होती है और शौचालय पर खत्म होती है। शौचालय का क्या महत्व है ये कांग्रेसी और अन्य नहीं समझ पाएंगे। क्योंकि इनके पास टाइल्स वाले विदेशी शौचालय हैं। उन बहू-बेटियों से पूछो जो बाहर जाती थीं लेकिन अब नहीं जाती हैं।  ये चौकीदार उन महिलाओं और बेटियों का चौकीदार बना है, ये मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने प्रयागराज में कुंभ के मेले में सफाई कर्मियों के पैर धोये तो बहन जी को पीड़ा हुई। मुझे गाली सुनने का दो दशक का अनुभव है। अब मैं गाली प्रूफ हो गया हूं। उप्र में पहले की सरकारों ने बेटियों का जीना मुश्किल कर रखा था। महिलाएं तीन तलाक जैसी परंपरा को सहने के लिए मजबूर थीं। हमारी सरकार ने उन्हें राहत दी। 23 मई को हमारी सरकार बनने पर फिर से तीन तलाक का कानून संसद में लाया जाएगा। मुझसे लोग पूछते हैं कि मैं गठबंधन को महामिलावट क्यों कहता हूं। आप ही लोग देखें, कैसे कैसे लोग इनके साथ आए हैं। बबुआ ने बुआ के सम्मान में कहा था कि प्रदेश में लगी मूर्तियों के पैर की अंगुली को तोड़ के देखेंगे तो उसमें भी पैसा निकलेगा। ऐसा कहने वाला बबुआ आज बुआ के साथ है। अब वे एक-दूसरे का सम्मान कर रहे हैं। साथियों संकट आज अस्तित्व का है। कह रहे हैं मेरा कहा भी माफ तुम्हारा कहा भी माफ, नहीं तो हम दोनों हो जाएंगे साफ। मायावती ऐसे उम्मीदवार के लिए वोट मांग रहीं हैं, जिनको बाबा साहेब की मूर्ति पर माला पहनाना पसंद नहीं। दूसरा ऐसा प्रत्याशी है जिसने यूनिवर्सिटी के नाम पर गरीबों की जमीन कब्जा कर रखी है। आज साइकिल पर हाथी सवार है और निशाने पर चौकीदार है।

अब तो ऐसी आंधी चल रही कि सब उड़ जाएंगे। अब ये वोट बेच रहे हैं। आपका चौकीदार किसानों के खाते में रुपया पहुंचाने में लगा है। पहली किस्त पहुंच चुकी है। जिनको किस्त नहीं पहुंची है जल्द ही पहुंच जाएगी। अभी पांच एकड़ वाले किसानों को रुपया मिल रहा है। 23 मई को एक बार फिर मोदी सरकार बनने के बाद सभी किसानों को रुपया मिलेगा। 60 साल की उम्र पूरी कर चुके लोगों को पेंशन भी मिलेगी। ये कभी बुआ और बबुआ नही सोच सकते। सरकार बनने के बाद योजनाओं को और विस्तारित किया जाएगा। गन्ना बकाया भुगतान के लिए यहां की चीनी मिलें दिक्कत कर रहीं हैं। चुनाव खत्म होने के बाद हम पूरा भुगतान कराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।  यहां के पीतल उद्योग के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। एक जिला एक उत्पाद लाकर योगी जी ने इसके लिए अच्छा काम किया है। भाजपा ने संकल्प लिया है सरकार बनने पर व्यापारी आयोग बनाया जाएगा। 50 लाख रुपये तक बिना गारंटी लोन देने का भी भाजपा ने संकल्प लिया है। सबको सुरक्षा हमारा संकल्प है। इसके लिए हमें एकजुट होकर चलना है। आपका एक एक वोट देश को मजबूत बनाएगा। ठेला लगाने वालों, बाल काटने वाले गरीबों को भी पेंशन मिलेगी। चुनाव खत्म होने के बाद किसानों को परेशान करने वालो का नंबर आएगा। 23 अप्रैल को जब कमल का बटन दबाओगे तो आपका वोट सीधे मोदी के खाते में जाएगा। पूरा हिंदुस्तान चौकीदार। गर्मी कितनी भी हो आप सुबह सबसे पहले निकलकर वोट डालेंगे।

चारों सीटों पर गठबंधन भाजपा के लिए कड़ी चुनौती  मोदी भाजपा के लिए मंडल की चारों सीटों मुरादाबाद, सम्भल, अमरोहा और रामपुर के लिए चुनाव प्रचार किया। चारों सीटों पर गठबंधन भाजपा के लिए कड़ी चुनौती बना है। इनमें अमरोहा में 18 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होना है। मुरादाबाद, रामपुर व संभल में तीसरे चरण में मतदान 23 अप्रैल को होना है। लोकतंत्र के महापर्व के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीट सहारनपुर, कैराना, बिजनौर, मुफ्फरनगर, बागपात, मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में मतदान हो चुका है। दूसरे चरण 18 अप्रैल को प्रदेश की आठ सीटों-नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी में वोटिंग होनी है।

चार लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता  प्रधानमंत्री की रैली के लिए चार लोकसभा सीटों मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर व संभल से एक लाख कार्यकर्ताओं को जुटाया गया है। इस बार अमरोहा से सीख लेते हुए मंच तो पूरा बनेगा लेकिन इस बार सिर्फ 18 लोग साझा किया गया है। इनमें तीनों प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, लोकसभा संयोजक, लोकसभा प्रभारी, विधायकगण, मंत्रीगण शामिल हैं।

रैली स्थल का भूमि पूजन  पीएम मोदी के रैली स्थल का कल शाम भाजपाइयों ने भूमि पूजन किया। पंडित आचार्य संतोष प्रसाद सती ने पूजन कराया। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पदाधिकारियों के साथ रैली स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रकोष्ठ, मोर्चा और अनुषांगिक संगठनों को रैली की सफलता को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रैली स्थल पर सुबह पूजन के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई, महापौर एवं लोकसभा संयोजक विनोद अग्रवाल, पश्चिम क्षेत्र महामंत्री अशोक मोंगा, जिला प्रभारी डीके शर्मा, लोकसभा प्रभारी महेंद्र घनोजिया, जिला अध्यक्ष हरिओम शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, महानगर महामंत्री गिरिश वर्मा, राहुल शर्मा, वीरपाल सिंह समेत पार्षद, विभिन्न प्रकोष्ठ एवं अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button