उत्तरप्रदेश

बसपा उपाध्यक्ष ने गंवाएं सभी पद, राहुल गांधी के खिलाफ की थी बयानबाजी

लखनऊ । कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कल बहुजन समाज पार्टी के सम्मेलन में टिप्पणी का खामियाजा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को जयप्रकाश सिंह को भुगतना पड़ा। बसपा सुप्रीमो मायावती ने जयप्रकाश सिंह को आज पार्टी के सभी पदों से हटा दिया है। जयप्रकाश सिंह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डीनेटर भी थे। जय प्रकाश सिंह को हाल ही में पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।

बसपा मुखिया मायावती ने आज मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डीनेटर जयप्रकाश सिंह के कल पार्टी के लखनऊ में सम्मेलन के दौरान संबोधन के बारे में आज पता चला। उन्होंने वहां पर बसपा की विचारधारा के खिलाफ बात की और प्रतिद्वंद्वी दलों के नेतृत्व के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी भी की। यह उनकी व्यक्तिगत राय है। इसी कारण आज उनको तत्काल प्रभाव से उनके सभी पद से हटा दिया गया है। मायावती ने कहा कि बसपा हमेशा से ही अनुशासित तथा अनुशासनप्रिय पार्टी रही है। हम किसी पर भी बेवजह टिप्पणी नहीं करते हैं।  जयप्रकाश सिंह के बयान को पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा है कि जयप्रकाश सिंह का बयान पार्टी की विचारधारा के खिलाफ है। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के नेतृत्व के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां भी की हैं। यह उनके निजी विचार हैं और उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। मायावती ने कहा कि बसपा इस तरह किसी के खिलाफ व्यक्तिगत बयान नहीं देती है। जय प्रकाश सिंह ने कल लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को विदेशी बताया था।

राहुल गांधी पर जय प्रकाश सिंह के कल के बयान पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि जयप्रकाश सिंह का बयान बीएसपी का बयान नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी, जब तक पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा नहीं की जाती है, बहुजन समाज पार्टी के सदस्यों को किसी भी स्तर पर गठबंधन के बारे में कुछ भी बोलने से बचना चाहिए। पार्टी के सदस्यों को यह सब काम पार्टी के हाईकमान के जिम्मे छोड़ देना चाहिए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के नेशनल कोआर्डिनेटर ​जयप्रकाश सिंह और वीर सिंह ने राहुल गांधी पर टिप्प्णी की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी विदेशी मूल की हैं, लिहाजा राहुल गांधी कभी भी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं। दोनों नेताओं का कहना था कि मौजूदा वक्त की मांग है कि मायावती देश की प्रधानमंत्री बनें।

जयप्रकाश सिंह ने कल लखनऊ में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा था कि मां सोनिया गांधी के के विदेशी मूल के होने के चलते राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं। इसके साथ ही अगले साल होने जा रहे आम चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने इस सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष मायावती को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर प्रोजेक्ट किया। लोकसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीएसपी के राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर वीर सिंह और जय प्रकाश सिंह ने बताया कि मायावती का देश के प्रधानमंत्री बनने का सबसे सही समय है और सिर्फ वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती दे सकती हैं। जयप्रकाश सिंह ने कहा कि कर्नाटक में एचडी कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बाद वह पावरफुल पॉलिटिशियन के तौर पर उभरी हैं। वहीं एक मात्र ऐसी दबंग लीडर है जो नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की चुनावी जीत को रोक सकती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि वह सिर्फ एक दलित लीडर ही नहीं हैं बल्कि उन्हें सभी समुदायों का समर्थन हासिल है। अब समय आ गया है जब उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री बनाया जाए। बसपा के कोऑर्डिनेटर वीर सिंह और जय प्रकाश सिंह ने भाजपा व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी खूब कटाक्ष किए। दोनों नेताओं ने सर्व समाज के लोगों को पार्टी से जोडऩे के लिए पदाधिकारियों को टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों, क्षत्रियों, पिछड़ों और मुसलमानों को बताएं कि बसपा में ही उनका हित सुरक्षित है। जेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपने निशाने पर लिया, उन्होंने कहा कि कहा कि राहुल पिता की जगह मां पर गए। पिता देश के थे। उन पर जाते तो भला हो सकता था। इसी कारण प्रधानमंत्री पद की एकमात्र विकल्प मायावती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button