News UpdateUttarakhand

अमेरिका से हरिद्वार लौटी महिला की भेल अस्पताल में मौत से प्रशासन में हड़कंप

हरिद्वार। दस दिन पहले अपनी बेटी से मिलकर अमेरिका से हरिद्वार लौटी महिला की भेल अस्पताल में मौत हो गई। इस खबर से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं महिला कोरोना से संक्रमित न रही हो। फिलहाल, महिला का अंतिम संस्कार नहीं किया गया और शव को भेल अस्पताल की मोर्चरी में रख दिया गया है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शिवालिक नगर निवासी इस महिला को उनके पति सतपाल सिंह ने दो दिन पहले भेल अस्पताल में तबीयत खराब होने के चलते भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि महिला की शनिवार शाम मौत हो गई थी, लेकिन अस्पताल ने प्रशासन को इसकी कोई जानकारी नहीं दी। सुबह शिवालिक नगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने पहले सीएमओ को इसकी जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन न उठने पर उन्होंने जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया।
इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और नगर पालिका अध्यक्ष ने आसपास के इलाकों को सैनिटाइज कराने के साथ ही प्रशासन के सहयोग से मृत महिला के पति सतपाल सिंह को क्वारंटाइन के लिए भेजा। महिला की मौत का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सीएमओ डॉ सरोज नैथानी के अनुसार कोरोना संक्रमण से मौत होने की संभावनाओं के चलते पूरे प्रकरण की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। इसके बाद ही महिला का अंतिम संस्कार कराया जाएगा। महिला के पति सतपाल सिंह भेल के अवकाश प्राप्त अधिकारी हैं। खास बात यह है कि पत्नी की मौत के बाद वो उनके शव को लेने न तो अस्पताल गए और न ही प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इतना ही नहीं उन्होंने खुद को घर में बंद कर लिया और जब प्रशासनिक टीम उनके घर पहुंची, तो दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button