NationalUncategorized

भारत बंदः कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने भारत बंद बुलाया

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर आज कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने भारत बंद बुलाया। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के नेताओं ने रामलीला मैदान में विरोध जताया। छत्तीसगढ़ को छोड़ दें तो बाकी भाजपा शासित राज्यों में भारत बंद का मिला-जुला असर दिखा। वहीं, बिहार में भारत बंद के दौरान कई जगह हिंसक प्रदर्शन और आगजनी हुई। यहां एंबुलेंस के जाम में फंसने से एक बच्ची की मौत भी हो गई। बताया जा रहा है कि भारत बंद की वजह से एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल पाया। रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस दौरान मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा ‘तेल की बढ़ती कीमतों पर पीएम मोदी एक शब्द नहीं बोलते हैं। जो देश सुनना चाहता है उस पर मोदी कभी कुछ नहीं बोलते हैं। यहां तक कि दुष्कर्म, महंगाई और राफेल जैसे तमाम मुद्दों पर भी मोदी शांत हैं।’  राहुल ने कहा कि आज पूरा विपक्ष यहां एक साथ बैठा है। हम सब मिलकर भाजपा को हटाने का काम करेंगे। इस बीच जहानाबाद में बंद के कारण लगे जाम में एंबुलेंस फंसने के कारण एक बच्ची की मौत हो गई। भाजपा शासित राज्‍यों में से कांग्रेस के महाबंद का सबसे ज्‍यादा असर छत्‍तीसगढ़ में देखने को मिला। इससे पहले, कैलास मानसरोवर की यात्रा के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी और विपक्ष के कई नेता राजघाट से मार्च कर रामलीला मैदान पहुंचे। यहां सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, शरद पवार, शरद यादव और गुलाम नबी आजाद समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं। बतादें कांग्रेस के अलावा डीएमके, एनसीपी, आरजेडी, सपा और एमएनएस सहित देश की करीब 20 विपक्षी पार्टियां विरोध-प्रदर्शन कर रही है।

मनमोहन सिंह के निशाने पर मोदी सरकार  पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार बदलने का वक्त आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की है कि वे मतभेद भुलाकर एकजुट हों।

जहानाबाद में एक बच्ची की मौत, भाजपा ने विपक्ष को घेरा  पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बुलाए गए विपक्षी दलों के भारत बंद के दौरान कई हिंसक झड़पें देखने को मिली। वहीं बिहार के जहानाबाद में भारत बंद के दौरान दो साल की बच्ची की मौत हो गई है। परिवारवालों का कहना है कि भारत बंद के कारण एंबुलेंस काफी समय तक फंसी रही। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।  वहीं इस घटना को लेकर केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने विपक्षी दलों पर हमला बोला है। रविशंकर ने कहा ‘हर किसी को आंदोलन का अधिकार है, लेकिन आज क्या हुआ? पेट्रोल पंप और बसों में आग लगा दी गई। जहानाबाद में जाम में एंबुलेंस फंसने के कारण एक बच्ची की मौत हो गई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?’

कांग्रेस नेता की रैली के जाम से हुई थी बच्ची की मौत  गौरतलब है कि इससे पहले हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर की साइकिल रैली के दौरान भी एक एंबुलेंस जाम में फंस गई थी। जिसके कारण एंबुलेंस में इलाज के लिए ले जाई जा रही बच्ची की मौत हो गई थी।

छत्तीसगढ़ में सफल रहा कांग्रेस का महाबंद   महाबंद को लेकर छत्तीसगढ़ में पार्टी को बड़ी रणनीतिक सफलता मिली है। राज्य में व्यापारियों के सबसे बड़े संगठन छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स ने बंद को समर्थन दिया। चेंबर के समर्थन का ही असर रहा कि राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। यह संगठन अभी तक कांग्रेस से दूरी बनाता रहा था। ऐसे में चेंबर के सहयोग से इस बंद को सफल बनाकर राज्य में कांग्रेस ने रणनीतिक रूप से बड़ी सफलता हासिल की है। बंद की सफलता के लिए कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जितेंद्र बरलोटा से चर्चा की और चेंबर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता राज्य में बंद के समर्थन में कांग्रेस के साथ सड़कों पर उतरे। कांग्रेस को चेंबर से समर्थन की आशा कम ही थी। चेंबर के ज्यादातर पदाधिकारी भाजपा से जुड़े हैं। इससे पहले कई मुद्दों पर कांग्रेस ने बंद कराया। हर बार चेंबर ने समर्थन से इन्कार ही किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा- कांग्रेस जनता के साथ है और जनता कांग्रेस के साथ। भाजपा सरकार ने हमेशा जनता के साथ विश्वासघात किया है।

बिहार में आगजनी, प्रदर्शनकारियों ने रोकी ट्रेन  भारत बंद का कुछ राज्यों में असर देखने को मिल रहा है। बिहार में कई जगहों पर बंद समर्थकों ने ट्रेनों रोक दी है। बसों में भी तोड़फोड़ की गई है। पटना के कई इलाकों में बंद समर्थक उत्पात मचा रहे हैं। कई जगह गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए हैं। लोगों को खदेड़ा गया है और पिटाई भी की गई है। पटना में बड़ी संख्या में बंद समर्थक भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचे और नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

यूपी में कांग्रेस और सपा का प्रदर्शन  यूपी में भी जगह-जगह कांग्रेसी कार्यकर्ता तेल कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में दुकानें बंद कराई गईं। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी भारत बंद से अलग बढ़ती महंगाई और किसानों के मुद्दे को लेकर प्रदेशव्यापी धरने का एलान किया है। हालांकि बसपा ने कांग्रेस के भारत बंद के आह्वान पर चुप्पी साध ली है।

उत्‍तराखंड में बंद का मिलाजुला असर  भाजपा शासित उत्तराखंड में भारत बंद का कोई खास असर देखने को नहीं मिला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और सदस्यों ने शहर में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान समर्थन में बाजार और दूसरे संस्थान बंद कराए।

कर्नाटक में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश  वहीं कर्नाटक सरकार ने सोमवार को भारत बंद के मद्देनजर एहतियातन बेंगलुरु के सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए अवकाश की घोषणा की। मंगलूरू में उपद्रवियों ने एक प्राइवेट बस पर पत्थर भी फेंके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button