Uttarakhand

भाजपा नेता पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ईमेल से शिकायत भेजकर मुकदमा दर्ज करने का किया अनुरोध

देहरादून: भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला ने एक हफ्ते बाद पुलिस को तहरीर दी है। सूत्रों की मानें तो महिला ने अपने साथ हुए घटनाक्रम की तफसील से जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती को ईमेल से शिकायत भेजकर मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया है। उसने भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही अपने जान-माल के खतरे का अंदेशा भी जताया है। एसएसपी ने मेल मिलने की पुष्टि की है, लेकिन कहा कि उन्होंने अभी मेल पढ़ी नहीं है। अध्ययन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की ओर से लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों की खबर तीन नवंबर को मीडिया में आने के बाद असहज हुई भाजपा ने प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को पद से हटा दिया था। वहीं, विपक्ष भी इसे मुद्दा बना रहा था। हालांकि, चार नवंबर को महिला देहरादून छोड़कर चली गई थी। साथ ही उसकी ओर से कोई तहरीर भी पुलिस को नहीं दी गई थी। अब एक हफ्ते बाद महिला ने पुलिस को ईमेल के जरिये तहरीर भेजी है। सूत्रों के मुताबिक महिला ने रिपोर्ट में अपने साथ हुए वाकये का पूरा ब्योरा देते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आग्रह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से किया है। उसने भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने यह भी कहा है कि उसे जानमाल का खतरा है, जिस कारण वह सामने नही आ रही है। इसीलिए वह मेल से शिकायत भेज रही है।

दून में नहीं है महिला वरिष्ठ भाजपा नेता पर आरोप लगाकर सुर्खियों में आई महिला चार नवंबर से देहरादून से नदारद है। देहरादून में जहां वह किराये पर रह रही थी। तब से उसके कमरे पर ताला है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला कहां है।

कानून अपना काम करेगा: भाजपा भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि यदि महिला ने तहरीर दी है तो कानून अपना काम करेगा। मामले की निष्पक्ष जांच होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button