Politics

भाजपा का माधुरी दीक्षित को 2019 के लोकसभा चुनाव में पुणे सीट से मैदान में उतारने की है संभावना

मुंबई। बॉलीवुड में कामयाबी का झंडा गाड़ने वाली अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर राजनीतिक सफर की शुरुआत कर सकती हैं। भाजपा माधुरी को 2019 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की पुणे सीट से मैदान में उतारने पर विचार कर रही है।पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के तहत इसी साल जून में अभिनेत्री से मुंबई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी। शाह ने माधुरी को नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया था।राज्य के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने गुरुवार को बताया, ‘पार्टी 2019 के आम चुनाव को लेकर कई लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करने की प्रक्रिया में है। माधुरी का नाम पुणे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुना गया है। उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।’

गौरतलब है कि वर्ष 2014 में भाजपा ने कांग्रेस से पुणे लोकसभा सीट छीन ली थी। पार्टी प्रत्याशी अनिल शिरोले ने तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इस बीच, भाजपा नेता संजय काकडे ने कहा कि जीत के लिए माधुरी को टिकट दें,  इतने बुरे दिन भाजपा के नहीं आए हैं। वहीं, कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक मोहन जोशी ने कहा कि भाजपा को अपना उम्मीदवार बदलना ही उनकी हार है।

गुजरात में मोदी कर चुके हैं ऐसा प्रयोग   माधुरी को चुनाव लड़ाने की योजना के बारे में भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘ऐसा तरीका नरेंद्र मोदी ने गुजरात में तब अपनाया था जब वह पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में सभी उम्मीदवारों को बदल दिया था और पार्टी को इसका लाभ भी मिला था।’ नेता के अनुसार, इसी तरह का सफल प्रयोग 2017 में दिल्ली के निकाय चुनावों में भी किया गया था, जब सभी मौजूदा पार्षदों को टिकट देने से इन्कार कर दिया गया।

कई सुपरहिट फिल्में दे चुकी हैं माधुरी  51 वर्षीय अदाकारा माधुरी ‘तेजाब’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘दिल तो पागल है’, ‘साजन’, ‘बेटा’, ‘मृत्युदंड’ और ‘देवदास’ सहित कई बॉलीवुड फिल्मों में अपने बेहतरीन काम के जरिये लंबे समय तक करोड़ों प्रशंसकों के दिलों पर राज करती रही हैं। आज भी वह कई टीवी शो में सक्रिय हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button