News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत, दादा व बहन घायल

देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिमला बाईपास रोड पर शेरपुर पेट्रोल पंप के निकट मोड़ पर हुए सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वह अपने दादा और बड़ी बहन के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। हादसे में दादा और बहन भी घायल हो गए, जिनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र कश्यप (60) निवासी ग्राम माजरी थाना सहसपुर किसी काम से शेरपुर गए हुए थे। बृहस्पतिवार की शाम वे बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ छह वर्षीय पोता ऋतिक और नौ वर्षीय पोती सृष्टि भी थे। शेरपुर पेट्रोल पंप के समीप राजेंद्र आगे चल रही कार को ओवरटेक कर रहे थे। इस दौरान कार ने बाइक को चपटे में ले लिया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। राजेंद्र और पोती सृष्टि एक ओर और पोता ऋतिक दूसरी ओर छिटक कर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने ऋतिक को रौंद दिया। मौके पर ही ऋतिक की मौत हो गई।
दुर्घटना की खबर लगते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ऋतिक का शव देख परिजन बिलख-बिलख कर रोने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग और 108 एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी सहसपुर भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चौकी प्रभारी सभावाला ओमवीर सिंह ने बताया ट्रक और कार को कब्जे में लिया गया है। दोनों वाहनों के चालक पुलिस हिरासत में हैं। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक बच्चे का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक ऋतिक गांव के ही प्राइवेट स्कूल में प्ले ग्रुप में पढ़ता था। इसी साल उसने स्कूल जाना शुरू किया था। वह परिवार का इकलौता पुत्र था। दो भाई बहनों में वह छोटा था। छोटा होने के चलते परिवार का दुलारा था। बताया जा रहा है कि दिवाली पर ही परिवार ने बाइक खरीदी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button