Uttarakhand

किशोर उपाध्याय के बयान पर छिड़ी – उत्तराखंड कांग्रेस में नई कलह

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को पार्टी के कप्तान के रूप में बरकरार रखने का आदेश आने के चंद घंटे बाद ही पार्टी में नया असंतोष शुरू हो गया।

असंतोष की शुरुआत रविवार सुबह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के बयान के साथ शुरू हुई और शाम होते होते बात पूर्व सीएम हरीश रावत और वर्तमान अध्यक्ष प्रीतम सिंह तक चली गई। मीडिया से बातचीत में किशोर ने विधानसभा में पार्टी की हार के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही सवाल उठाया कि जब और प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष नहीं बदले गए तो फिर भला मुझे क्यों हटाया गया? किशोर की पीड़ा सामने आने के चंद घंटे बाद ही हरीश रावत ने पार्टी में खुली बहस कराने की पैरवी कर डाली। उन्होंने कहा कि वो हर पक्ष सुनने को और अपनी बात रखने को तैयार हैं। देर शाम प्रीतम ने पार्टी नेताओं को परस्पर दोषारोपण के बजाए कांगे्रस की मजबूती के लिए काम करने की अपील की। साथ ही नसीहत भी दी कि हाईकमान के फैसले को सभी को स्वीकार करना ही होगा।

संगठन नहीं, कांग्रेस सरकार हारी थी : उपाध्याय

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय विधानसभा चुनाव में कांग्रेस संगठन नहीं बल्कि कांग्रेस की सरकार हारी थी। आप वोट प्रतिशत देख लीजिए, कांग्रेस किसी स्तर पर नहीं पिछड़ी। हमारी सरकार ही फ्लोटिंग वोट को नहीं लुभा पाई, जिसका नतीजा हार के रूप में सामने आया। मैं सोचता हूं कि अन्य कई राज्यों में भी कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा है, पर वहां अध्यक्ष नहीं बदला गया। जबकि यहां परिवर्तन हो गया।

चुनाव नतीजों पर अब मुझे नहीं कहना : हरीश रावत 

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों पर अब मुझे कुछ नहीं कहना है। मैंने गवर्नर को इस्तीफा देने के साथ ही पहले ही दिन हार की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली थी। यदि नेतागण चाहें तो पार्टी में खुली बहस रख लें। मैं सबकी बात सुनने को तैयार हूं और अपना पक्ष भी रखूंगा। वैसे अब जरूरत एकजुट होकर आगे बढ़ने की है।

हाईकमान का निर्णय सर्वस्वीकार्य : प्रीतम सिंह

प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस प्रीतम सिंह का कहना है कि ऐसा नहीं है कि हमारी सरकार ने काम नहीं किया था। सरकार ने पूरा प्रयास किया कि अच्छा परिणाम आए, पर ये तो चुनाव हैं। अब दोषारोपण का वक्त नहीं है। सभी को पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर साथ चलना होगा। रही बात अध्यक्ष की नियुक्ति की तो यह हाईकमान का निर्णय है। हाईकमान का निर्णय सर्वस्वीकार्य है।

कप्तान प्रीतम लेकिन टीम किशोर की ही रहेगी 

उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष भले ही प्रीतम सिंह रहेंगे, लेकिन टीम पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय की ही चलती रहेगी। अपनी टीम बनाने के लिए प्रीतम सिंह को अभी कुछ इंतजार करना होगा। हाईकमान ने वर्तमान में कांग्रेस के सभी प्रदेश अध्यक्षों को बहाल रखते हुए प्रदेश और निचली कमेटियों को भी बरकरार रखा है। किशोर की टीम कांग्रेस की अब तक की सबसे बड़ी टीम रही है। इसमें 25 से ज्यादा उपाध्यक्ष, 46 महामंत्री, 42 प्रवक्ता, 127 संगठन सचिव और 115 कार्यकारिणी सदस्य थे। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था फौरी तौर पर की गई है। अभी कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन में बदलाव होना है। उसके बाद ही प्रदेश स्तर पर भी नई कार्यकारिणी पर विचार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button